Janmashtami 2024 Upay: हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल भाद्रपद माह की कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व मनाया जाता है। इस वर्ष यह तिथि 26 अगस्त 2024 को पड़ रही है।
जन्माष्टमी का पर्व मथुरा, वृंदावन सहित पूरे भारत में विशेष उत्साह और धूमधाम से मनाया जाता है। भगवान कृष्ण की कृपा प्राप्त करने के लिए इस दिन को अत्यंत शुभ माना जाता है। आइए जानते हैं कि आप किस प्रकार इस पावन अवसर पर कृष्ण जी की कृपा प्राप्त कर सकते हैं।
जन्माष्टमी का शुभ मुहूर्त (Janmashtami Puja Muhurat):
- अष्टमी तिथि की शुरुआत: 26 अगस्त 2024, मध्य रात्रि 03:39 बजे
- अष्टमी तिथि का समापन: 27 अगस्त 2024, मध्य रात्रि 02:19 बजे
- पूजा का शुभ मुहूर्त: 27 अगस्त 2024, रात्रि 12:01 बजे से 12:45 बजे तक
इस मुहूर्त में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करना अत्यंत शुभ फलदायी माना जाता है।
जन्माष्टमी पर जरूर करें ये काम:
इस दिन भगवान श्रीकृष्ण का शंख से अभिषेक करने का विशेष महत्व है। शंख में पंचामृत (घी, दूध, दही, शक्कर, शहद) लेकर श्रीकृष्ण जी का अभिषेक करें। ऐसा करने से कान्हा जी की कृपा प्राप्त होती है और आर्थिक संपन्नता बनी रहती है।
जन्माष्टमी की रात लगाएं ये भोग:
जन्माष्टमी की पूजा रात्रि में करने का विधान है, क्योंकि यही समय भगवान कृष्ण के जन्म का माना जाता है। इस अवसर पर लड्डू गोपाल जी को माखन मिश्री और मखाने की खीर का भोग लगाएं, जो उन्हें अत्यंत प्रिय हैं। लड्डू गोपाल के भोग में तुलसी का पत्ता अवश्य डालें, इससे भगवान का आशीर्वाद प्राप्त होता है और घर में सुख-शांति बनी रहती है।
चढ़ाएं ये विशेष चीजें:
- पान का पत्ता: जन्माष्टमी की पूजा में भगवान श्रीकृष्ण को पान का पत्ता अर्पित करें। अगले दिन उस पत्ते पर रोली से श्रीयंत्र लिखकर उसे धन स्थान या तिजोरी में रखें। इससे आर्थिक तंगी से मुक्ति मिल सकती है।
- चांदी की बांसुरी: भगवान श्रीकृष्ण को चांदी की बांसुरी अर्पित करें। बांसुरी अर्पित करते समय इस मंत्र का 108 बार जाप करें:
कृष्णाय वासुदेवाय हरये परमात्मने।
प्रणत क्लेशनाशाय गोविन्दाय नमो नमः।