हरियाणा : जेल सुपरिटेंडेंट सुनील सांगवान ने दिया इस्तीफा, राजनीति में उतरने की अटकलें तेज
Haryana News – गुरुग्राम: भौंडसी (गुरुग्राम) जेल के सुपरिटेंडेंट सुनील सांगवान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के लिए पत्र भेजा है। जेल विभाग में साढ़े 22 साल की सेवा के बाद अब सुनील सांगवान के राजनीति में प्रवेश करने की संभावना जताई जा रही है। अटकलें हैं कि वह चरखी दादरी से भाजपा की टिकट पर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं।
सुनील सांगवान के पिता और पूर्व सहकारिता मंत्री सतपाल सांगवान ने लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल होकर राजनीति में प्रवेश किया था।
सुनील सांगवान की पहली पोस्टिंग जनवरी 2002 में गुरुग्राम जेल में बतौर डिप्टी सुपरिटेंडेंट हुई थी, और अब उन्होंने इसी जेल के सुपरिटेंडेंट रहते हुए सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया है।
गौरतलब है कि 1996 में सतपाल सांगवान ने टेलीकॉम डिपार्टमेंट में एसडीओ के पद से इस्तीफा देकर राजनीति में कदम रखा था। उन्होंने दादरी से हविपा की टिकट पर पहला चुनाव जीता था और पूर्व मुख्यमंत्री चौ. बंसीलाल के करीबी रहे। सतपाल सांगवान को आज भी ‘बुलडोजर’ के नाम से जाना जाता है, जो बंसीलाल की विरासत को दर्शाता है।
सुनील सांगवान के बेटे और बेटी दोनों भारतीय सेना में कैप्टन हैं, जो उनकी देश सेवा और अनुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। अब सुनील सांगवान के राजनीति में आने से चरखी दादरी के राजनीतिक समीकरणों में बदलाव की संभावना है।