बीजिंग: चीन के उत्तरपूर्वी प्रांत लियाओनिंग में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। एक महिला ने अपने पति की बेवफाई का ऐसा बदला लिया कि हर कोई दंग रह गया। पति के धोखे से आहत महिला ने अपने पति का लाइफ सपोर्ट सिस्टम हटवाकर उसकी मौत का कारण बनी। इस घटना ने लोगों को हैरान कर दिया और सोशल मीडिया पर इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
पति की बेवफाई और महिला का खौफनाक बदला
यह घटना लियाओनिंग प्रांत के एक अस्पताल की है, जहां 38 वर्षीय शख्स को ब्रेन हेमरेज के कारण भर्ती कराया गया था। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, शख्स ने अपनी पत्नी को छोड़कर अपनी मालकिन के साथ संबंध बना लिए थे। लेकिन जब उसकी हालत गंभीर हुई, तो डॉक्टरों ने उसकी पत्नी को ढूंढा ताकि ऑपरेशन के लिए उसकी सहमति ली जा सके। तभी एक महिला अस्पताल पहुंची और खुद को शख्स की पत्नी बताया।
लाइफ सपोर्ट हटाने का फैसला
डॉक्टरों ने महिला को बताया कि उसके पति की हालत बहुत नाजुक है और उसके बचने के चांसेस बेहद कम हैं। इस पर महिला ने जवाब दिया, “वो मुझे 10 साल से धोखा दे रहा था।” इसके बाद महिला ने कंसेंट पेपर पर साइन करने से मना कर दिया और डॉक्टरों से कहा कि वो उसके पति का लाइफ सपोर्ट सिस्टम हटा दें। चीन के कानून के मुताबिक, किसी भी चिकित्सा निर्णय से पहले परिवार की मंजूरी जरूरी होती है। इसलिए, पत्नी के मना करने के बाद डॉक्टरों को मजबूरन शख्स का लाइफ सपोर्ट हटाना पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग महिला के फैसले को सही ठहरा रहे हैं और इसे पति के कर्मों का फल मान रहे हैं, जबकि अन्य लोगों का कहना है कि इलाज रोकना जान लेने के बराबर है और यह फैसला गलत था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस घटना को लेकर कई टिप्पणियां और चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इस मामले को “कर्मों का न्याय” कह रहे हैं, वहीं कुछ इसे नैतिकता के खिलाफ बता रहे हैं।
कानूनी और नैतिक सवाल
इस घटना ने कई कानूनी और नैतिक सवाल भी खड़े कर दिए हैं। क्या किसी व्यक्ति को अपने जीवन साथी के साथ हुए धोखे का बदला लेने का यह तरीका सही था? क्या इस मामले में डॉक्टरों का लाइफ सपोर्ट हटाना उचित था? चीन के कानून के मुताबिक, परिवार की मंजूरी जरूरी होती है, लेकिन क्या ऐसे मामलों में कानून में बदलाव की जरूरत है? इन सवालों पर विशेषज्ञों की राय भी बंटी हुई है।
One Comment