Scooter Hand Brake: आपकी स्कूटी में भी होता है हैंड ब्रेक, जानिये कैसे लगाएं?
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। Scooter Hand Brake: भारतीय बाजार में स्कूटर का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। यह वाहन गियरलेस होने के कारण सभी उम्र के लोगों के बीच खासा लोकप्रिय हो गया है। हालिया स्कूटर मॉडल्स में कई एडवांस फीचर्स मिलते हैं, जैसे कि डिजिटल मीटर, ब्लूटूथ, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, और अब कुछ स्कूटरों में कारों की तरह हैंड ब्रेक का फीचर (Scooter Hand Brake) भी आ रहा है।
इस फीचर के कारण स्कूटर को ढलान वाली जगह पर रोकने में आसानी होती है। आइए जानते हैं, स्कूटर में हैंड ब्रेक का क्या महत्व है और इसे कैसे इस्तेमाल करें।
स्कूटर में हैंड ब्रेक का फायदा
स्कूटर में हैंड ब्रेक का सबसे बड़ा फायदा यह है कि ढलान पर या पार्किंग के दौरान इसे लगाने से स्कूटर लुढ़कता नहीं है। यह फीचर खास तौर पर उन जगहों पर उपयोगी है जहां वाहन को स्थिर रखना जरूरी होता है।
हैंड ब्रेक का स्थान और उपयोग
अधिकांश स्कूटर राइडर्स को हैंड ब्रेक के बारे में जानकारी नहीं होती। हैंड ब्रेक स्कूटर के बाएं ब्रेक लीवर के साथ होता है। यह एक मेटल का छोटा लीवर होता है, जिसे ऊपर उठाने के बाद ब्रेक लॉक हो जाता है।
हैंड ब्रेक लगाने का तरीका:
- सबसे पहले बाएं ब्रेक लीवर को पूरी तरह से दबाएं।
- इसके बाद ब्रेक लीवर के पास दिए गए छोटे लीवर को उंगली से ऊपर की ओर उठाएं।
- इससे स्कूटर के पिछले पहियों में ब्रेक लग जाता है और वे लॉक हो जाते हैं, जिससे स्कूटर स्थिर हो जाता है।
क्लिप सिस्टम
हाल के स्कूटरों में हैंड ब्रेक लीवर की जगह पर क्लिप सिस्टम भी आ रहा है। इसका काम भी हैंड ब्रेक जैसा ही है। बाएं ब्रेक को दबाते हुए इस क्लिप को उसी दिशा में दबाने से ब्रेक लग जाता है।