हरियाणा में 1.20 लाख कच्चे कर्मचारियों को मिली पक्की नौकरी, कैबिनेट ने लगाई मुहर
हरियाणा सरकार ने विधानसभा चुनावों से पहले 1.20 लाख कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का फैसला किया है। यह निर्णय कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए लिया गया है, जिससे उन्हें वेतन वृद्धि और स्थायी रोजगार का लाभ मिलेगा।
Haryana Cabinet Meeting: हरियाणा सरकार ने विधानसभा चुनावों (Haryana Election 2024) से पहले एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने घोषणा की है कि राज्य के विभिन्न विभागों में अनुबंध पर कार्यरत 1.20 लाख कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा। यह निर्णय कैबिनेट की बैठक में लिया गया, जिसकी जानकारी खुद मुख्यमंत्री ने दी।
कर्मचारियों के लिए सुरक्षित भविष्य
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे सभी कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित हो जाएगा। राज्य में लंबे समय से कच्चे कर्मचारी पक्का किए जाने की मांग कर रहे थे। अगले महीने आचार संहिता लागू होने से पहले, यह कदम सरकार की ओर से चुनावों के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कमेटी की सिफारिशों के आधार पर लिया गया निर्णय
हरियाणा सरकार ने अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारियों की स्थायीकरण के लिए नौ अधिकारियों की एक टीम बनाई थी, जिनकी रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया गया। विपक्षी दल कांग्रेस और आप ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की थी, लेकिन सरकार ने चुनाव से पहले इन कर्मचारियों की मांग को पूरा कर एक बड़ा कदम उठाया है।
हरियाणा के 1 लाख 20 हजार कच्चे कर्मचारियों को पक्का होने की और आजीवन भविष्य सुरक्षित होने की बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। pic.twitter.com/C6ebfDaeeF
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) August 8, 2024
क्या है हरियाणा सरकार का फैसला?
मुख्यमंत्री ने बताया कि कैबिनेट में अनुबंध पर काम कर रहे कर्मचारियों को पक्का करने का प्रस्ताव रखा गया था। इस निर्णय के तहत आउटसोर्स और एचकेआरएन (हरियाणा कौशल रोजगार निगम) के तहत काम कर रहे कर्मचारियों को बेसिक वेतन के साथ-साथ सालाना वेतन वृद्धि का लाभ मिलेगा। हालांकि, 50 हज़ार रुपये से ज्यादा वेतन पाने वाले कर्मचारी और केंद्र सरकार की योजनाओं से स्पॉन्सर कर्मचारियों को इस पॉलिसी का लाभ नहीं मिलेगा।
अनुभव के आधार पर वेतन वृद्धि
कैबिनेट के फैसले के अनुसार, पांच साल या उससे अधिक समय तक सेवा कर चुके कर्मचारियों को न्यूनतम पे स्केल का 5 प्रतिशत अधिक वेतन मिलेगा। इसी प्रकार, आठ साल की सेवा वाले कर्मचारियों को 10 प्रतिशत और उससे अधिक सेवा वाले कर्मचारियों को 15 प्रतिशत अधिक वेतन मिलेगा।